आरती श्रीवास्तव ने दी कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति
आरंभ 3 के तहत् ज्ञानदीप स्कूल में हुआ आयोजन
Syed Javed Ali
मण्डला - जिला पुरातत्व एवं पर्यटन संवर्धन परिषद तथा रजा फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित आरंभ - 3 के अंतर्गत ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल में प्रसिद्ध नृत्यांगना आरती श्रीवास्तव द्वारा कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया सहित जिले के अधिकारी कर्मचारी, कलाप्रेमी, स्कूल स्टॉफ तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आरती श्रीवास्तव ने अपने नृत्य की प्रस्तुति अभिनय दर्पण के प्रथम श्लोक आंगिकम से प्रारंभ की। उसके बाद कत्थक के नृत्य पक्ष को बताते हुए उन्होंने ठाट, उठान, तोड़ा आमद, परण आमद, तिहाईया, तोड़े टुकड़े दिखाए। उन्होंने हिंदुस्तानी गायन के प्रकार ठुमरी के बारे में बताते हुए भावपक्ष में पारम्परिक ठुमरी ’चुरिया मोरी मुरक गयीं रे सैयां’ प्रस्तुत की, साथ ही कवित्त के द्वारा भाव का एक अलग पक्ष भी दिखाया। अंत में उन्होंने द्रुत लय में बंदिशे प्रस्तुत की जिसमें जोड़े के बोल, गतनिकास, फरमाइशी परण, 21 चक्कर का टुकड़ा और लड़ी सम्मिलित थी। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया द्वारा नृत्यांगना आरती श्रीवास्तव का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश उपाध्याय ने किया।

आरती श्रीवास्तव ने केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी और रानी अवन्ति बाई स्कूल में भी अपनी प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के प्रयासों से जिला पुरातत्व एवं पर्यटन संवर्धन परिषद तथा रजा फाउंडेशन द्वारा मंडला में आरंभ श्रृंखला प्रारंभ की गई है जिसके तहत् प्रत्येक माह कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं ताकि जिले में शास्त्रीय संगीत व नृत्य को लेकर बेहतर माहौल तैयार किया जा सकें और आम लोगों के साथ - साथ स्कूली छात्र - छात्राओं के बीच शास्त्रीय विघाओं से परिचित कराया जा सके।
रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि रज़ा फाउंडेशन द्वारा शास्त्रीय संगीत व नृत्य की विभिन्न विधाओं के उदीयमान कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने आरम्भ श्रंखला शुरू की गई है। मण्डला में रज़ा फाउंडेशन द्वारा रज़ा उत्सव व रज़ा स्मृति का आयोजन पिछले कुछ वर्षों से लगातार किया जा रहा है। मण्डला कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया द्वारा मंडला में रज़ा फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए हर माह कार्यक्रम करने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर की मंशा अनुरूप उनकी विशेष रूचि को देखते हुए मण्डला में आरम्भ - 3 के पूर्व आरम्भ के 2 कार्यक्रम सफलता पूर्वक आयोजित किये जा चुके है। आरम्भ - 1 में तान्या सक्सेना द्वारा भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुति दी गई थी। आरम्भ - 2 के तहत सहस्त्रधारा में शरद उत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें अयाना मुखर्जी ने कुच्चीपुड़ी और आरोही मुंशी ने भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति दी थी।आरम्भ के तहत उदीयमान कलाकारों को मंच प्रदान कर स्कूल, कॉलेज में उनकी विधा के कार्यक्रम व कार्यशाला आयोजित की जाती है। इससे बच्चों को भारतीय शास्त्रीय संगीत व नृत्य की जानकारी प्राप्त होती है व उनकी इनमे रूचि पैदा होती है। दिसम्बर माह के अंतिम सप्ताह में आरम्भ - 4 का आयोजन होगा।