हैदराबाद एनकाउंटर सही, गलत किया तो ऐसा ही होगा: मंत्री तलासानी श्रीनिवास यादव

हैदराबाद एनकाउंटर सही, गलत किया तो ऐसा ही होगा: मंत्री तलासानी श्रीनिवास यादव
हैदराबाद।हैदराबाद में महिला वेटनरी डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में तेलंगाना के एक वरिष्ठ मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। राज्य के पशुपालन मंत्री तलासानी श्रीनिवास यादव ने चारों आरोपियों के एनकाउंटर को सही ठहराते हुए कहा कि कोई भी इस तरह का क्रूर अपराध करता है, वह पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की उम्मीद कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक सबक है। यादव ने एक स्थानीय टेलीविजन चैनल में कहा कि यदि आपका आचरण गलत है, तो आप किसी भी अदालती मुकदमे, जेल की सजा या बाद की जमानत से लाभान्वित नहीं होंगे। ऐसा कुछ भी नहीं होगा। हालांकि, न्यायपालिका के अधिकारियों और मानवाधिकार समूहों ने पुलिस एनकाउंटर की निंदा की है। मगर, यादव ने अभियुक्तों की हत्या पर कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति को सुधारने के लिए के चंद्रशेखर राव की प्रतिबद्धता का यह एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही मजबूत संदेश है, जो हमने दिया है। यह आदर्श है, जिसे हमने देश के लिए निर्धारित किया है। हम न केवल अपनी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से, बल्कि कानून-व्यवस्था के मुद्दों से निपटने के माध्यम से भी एक मॉडल स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पर उंगली उठाने से कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि कई ऐसे हैं, जो उनका समर्थन करते हैं।