awdhesh dandotia
मुरैना/अम्बाह। भारत के स्वाभिमान एवं करोडों लोगों की आस्था के प्रतीक प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण में आ रहीं बाधाओं को दूर करने के लिए विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल अम्बाह ने सर्व समाज की सहभागिता से करौली माता मंदिर पर धार्मिक अनुष्ठान किया एवं जन जागरण के लिए धर्म यात्रा का आयोजन किया।

जग्गा चौराहे से प्रारंभ हुई यात्रा जिन-जिन मार्गों से निकली वहां की सड़कें जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी। यात्रा में शामिल लोगों ने विभिन्न चौराहे पर बैठकर जय श्रीराम नाम का जाप भी किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि राम राष्ट्र चेतना व जीवन का मंत्र है राम लला की बात कहने वाले अब ठाट में आ गए हैं जबकि रामलला टाट में है सरकार को चेतावनी देते हुए। वक्ताओं ने कहा कि अगर मंदिर नहीं बना तो राम भक्त चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि अब राम मंदिर पर और इंतजार नहीं किया जाएगा वह भीख नहीं मांग रहे हैं सरकार को संसद के शीतकालीन सत्र में कानून बनाकर अयोध्या में भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त करना होगा। उन्होंने केन्द्र सत्ता सरकार को यह भी याद दिलाया कि वह राम मंदिर के संकल्प के साथ सत्ता में आई है ऐसे में वह करोड़ों लोगों की भावनाओं का अनादर ना करें। बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। राम मंदिर के निर्माण होने तक सरकार को ध्यान दिलाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहेंगे। इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के विभाग, जिला एवं प्रखंड सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।