SP नेता धर्मेंद्र यादव ने इलाहाबाद HC में संघमित्रा के निर्वाचन को दी चुनौती
प्रयागराज
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेंद्र यादव ने बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य के बदायूं संसदीय क्षेत्र से निर्वाचन को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की पुत्री संघमित्रा ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में बदायूं सीट से धर्मेंद्र यादव को शिकस्त दी थी। धर्मेंद्र यादव ने अपने वकील के जरिए याचिका दायर कर संघमित्रा के निर्वाचन को चुनौती देने के लिए मतगणना में अनियमितताओं सहित कई आरोप लगाए हैं। याचिका दायर करते समय धर्मेंद्र नियम के मुताबिक रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष स्वयं मौजूद थे। इस बीच, बसपा उम्मीदवार रंगनाथ मिश्रा ने भी इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर बीजेपी उम्मीदवार रमेश चंद बिंद के भदोही लोकसभा सीट से निर्वाचन को चुनौती दी।
रंगनाथ ने अपनी याचिका में कहा है कि विजेता उम्मीदवार का नामांकन पत्र नियम के अनुसार प्रस्तुत नहीं किया गया था और गलत तरीके से इसे स्वीकार भी कर लिया गया। नियम के मुताबिक, चुनाव से संबंधित इन सभी याचिकाओं को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और वह इन याचिकाओं पर सुनवाई के लिए पीठ नामित करेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com
