’’आपकी सरकार आपके द्वार’’ के तहत् अचानक सहजपुरी पहुंचा जिला प्रशासन
ग्रामीणों ने कलेक्टर को खुलकर बताई अपनी समस्याऐं
Syed Javed Ali
मण्डला - आपकी सरकार आपके द्वार योजना के तहत् कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया, सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने अचानक मवई विकासखण्ड के ग्राम सहजपुरी पहुंचे। सभी अधिकारियों ने ग्राम का भ्रमण कर लोगों से विभिन्न योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया और योजनाओं को बेहतर बनाने के संबंध में उनके सुझाव जाने।
कलेक्टर ने योजनाओं की जानी जमीनी हकीकत -
कलेक्टर ने सहजपुरी पहुंचकर लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि सभी जिला अधिकारी आप सबकी समस्याऐं सुनने गांव पहुंचे हैं। डॉ. जटिया ने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए उनको मिल रहे वास्तविक लाभ के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरती जा रही है संबंधित अधिकारी अपने मैदानी अमले के माध्यम से लोगों की समस्याऐं सुनें एवं उन तक पहुंचकर उसका निराकरण दें। कलेक्टर सहित विभिन्न अधिकारीयों को अपने बीच पाकर ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक उनसे बात की और अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत् कराया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणजन ग्राम पंचायत भवन में एकत्रित हो गये। कलेक्टर श्री जटिया ने ग्रामवासियों से बारी-बारी से बात करते हुए उनसे फसल, बिजली, राशन दुकान, स्कूल, मध्यान्ह भोजन, पोषण आहार, खाद-बीज, प्रधानमंत्री आवास, नामांतरण-बंटवारा, फौती, शौचालय, पीने का पानी, पटवारी एवं शिक्षक की उपस्थिति आदि विषयों पर चर्चा की। लोगों ने कलेक्टर को खुलकर अपनी समस्याऐं बतलाई जिनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ग्रामीणों ने ग्राम में नल-जल योजना संचालित करने की मांग की जिस पर कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। ग्रामीणों ने नल-जल योजना के लिए समुचित सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने घर-घर पहुंचकर पूछी समस्याऐं -
कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने सहजपुरी गांव के दौरे के तहत् ग्रामीणों से उनके घर जाकर उनकी समस्याऐं सुनी। उन्होंने गांव की महिलाओं से बात कर पूछा कि राशन दुकान कितने दिन खुलती है ? आंगनवाड़ी में बच्चों को पोषण आहार मिलता है ? दस्तक अभियान के तहत् स्वास्थ्यकर्मी घर पहुंचे थे ? डॉ. जटिया ने बुजुर्गों से बात कर वृद्धा पेंशन के बारे में चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने महिलाओं को अपने बच्चों को नियमित आंगनवाड़ी भेजकर पोषण आहार प्राप्त करने की बात कही। साथ ही उन्होंने शौचालय के नियमित उपयोग एवं बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने संबंधी चर्चा की।
एक ही बस से पहुंचा समुचा प्रशासन -
लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं उसके प्रभावी निराकरण के लिए समुचा जिला प्रशासन एक ही बस से रवाना हुआ। बस में कलेक्टर डॉ. जटिया, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा सहित जिला प्रशासन के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। एकसाथ सभी की मौजूदगी से लोगों की समस्याऐं जानने एवं उसके निराकरण में आसानी हुई। जिला मुख्यालय से प्रातः बस रवाना हुई जो अपने औचक कार्यक्रम के तहत् सहजपुरी पहुंची। सहजपुरी के पश्चात् समुचा प्रशासन मवई के अंतर्गत ग्राम अंजनिया में लोगों की समस्याऐं सुनने के लिए पहुंचा।