आदिवासी मामलों के मंत्रालय की राज्य मंत्री बनी रेणुका सिंह

आदिवासी मामलों के मंत्रालय की राज्य मंत्री बनी रेणुका सिंह

रायपुर
शपथ ग्रहण के एक दिन बाद नरेंद्र मोदी कैबिनेट  के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो चुका है। मोदी कैबिनेट  में शामिल छत्तीसगढ़ से एक मात्र मंत्री रेणुका सिंह को जनजातीय कार्य मंत्रालय  की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि रेणुका सिंह को जनजातीय कार्य मंत्रालय दिए जाने से छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में आदिवासियों के बीच भारतीय जनता पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ से आदिवासी महिला पर भरोसा जताते हुए सरगुजा लोकसभा सीट से पहली बार चुनाव जीतकर सांसद बनी रेणुका सिंह  को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ से सभी नए प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा था।

रेणुका सिंह ही एकमात्र ऐसी सांसद हैं, जिन्हें प्रशासनिक कार्यों का अनुभव है। वे 2003 से 2005 तक रमन सरकार में महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग मंत्री के पद पर पदस्थ रही हैं। इस अनुभव का लाभ उन्हें मिला। इसके अलावा रेणुका सिंह गौड़ समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं। इस वजह से भी जातिगत समीकरण के पैमाने पर भी पूरी तरह से फीट बैठीं। साथ ही रेणुका सिंह को महिला होने का भी फायदा होने मिला है।