उज्जैन के थाना प्रभारी यशवंत पाल ने कोरोना से लड़ते हुए दम तोड़ा

उज्जैन के थाना प्रभारी यशवंत पाल ने कोरोना से लड़ते हुए  दम तोड़ा

उज्जैन
मध्यप्रदेश में कोरोना अब और कहर बरपा रहा है। आम लोगों के साथ-साथ कोरोना अब पुलिस अधिकारियों और डॉक्टरों को अपनी चपेट में ले रहा है। 3 दिन पहले इंदौर में पुलिस अधिकारी की मौत कोरोना से हुई थी। अब उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल की मौत भी कोरोना की वजह से हुई है।

दरअसल, 59 वर्षीय थाना प्रभारी उज्जैन के अंबर कॉलोनी कंटेनमेंट एरिया में ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उसके बाद इलाज के लिए उन्हें इंदौर के अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 12 दिनों से यशवंत पाल का अस्पताल में इलाज चल रहा था। मगर उनकी स्थिति में कभी सुधार नहीं हुई।

अरविंदो अस्पताल के चेयरमैन डॉ विनोद भंडारी ने कहा कि पिछले 12 दिनों से नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल अरविंदो में एडमिट थे। वे जब से यहां भर्ती हुए थे तभी से क्रिटिकल स्थिति में रहे। रिपोर्ट भी उनकी पॉजिटिव ही रही। हम लोगों ने बहुत कोशिश की लेकिन उनकी तबियत में सुधार नहीं हुई।

उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल की भी कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई. वो 59 साल के थे. पाल की उज्जैन की अंबर कॉलोनी में ड्यूटी लगी थी. ये इलाका कोरोना संक्रमण के कारण कंटेनमेंट घोषित किया गया है. आशंका है कि वहीं ड्यूटी के दौरान उनमें संक्रमण फैला. तबीयत ज़्यादा खराब होने के कारण यशवंत पाल को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था. वहीं आज सुबह 5 बजकर 45 पर उन्होंने आखिरी सांस ली. यशवंत पाल की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 22 और  20 साल है.

वहीं, टीआई की पत्नी और बेटियों की भी जांच करवाई गई लेकिन रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। राजकीय सम्मान के साथ इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 3 दिन पहले इंदौर के जूनी इंदौर थाना प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी की मौत भी कोरोना की वजह से ही हुई थी। 3 दिनों के अंदर दूसरे पुलिस अधिकारी की मौत कोरोना की वजह से हुई है।

उज्जैन में कोरोना के 31 पॉजिटिव
मध्यप्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 1491 पहुंच गई है। उज्जैन में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 31 है, जिसमें 6 की मौत हो गई है। वहीं 5 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट गए हैं। शहर में कोरोना हॉटस्पॉट को चिह्नित कर 14 कंटेनमेंट एरिया बनाया गया है। जहां पूरी तरह से सारी चीजें प्रतिबंधित हैं।