छत्तीसगढ़ व्याख्याता संघ ने संचालक के सामने रखी मांगे

रायपुर
छत्तीसगढ़ व्याख्याता संघ ने शिक्षा संचालक जितेंद्र शुक्ला से मिलकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मकान किराया भत्ता देने के साथ ही उन्हें पदोन्नति व समयमान वेतनमान देने की मांग रखी। प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री राजीव वर्मा, सचिव सुरेश अवस्थी, केके शर्मा भी शामिल थे।
व्याख्याता संघ प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा और प्रवक्ता जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को वन विभाग सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों की अपेक्षा कम गृह भाड़ा भत्ता मिल रहा है, जिससे उन्हें हर महीने दो से तीन हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 15 से अधिक विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया चल रही है, लेकिन शिक्षा विभाग में पिछले 6 वर्षों से पदोन्नति नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि कई व्याख्याता बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो जा रहे हैं, जिससे उनमें निराशा है। ऐसे में पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए और यह पदोन्नति 2019 के नियमानुसार दी जाए। संचालक शुक्ला ने प्रतिनिधि मंडल को उनकी समस्याओं पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया है।