टोक्यो ओलम्पिक के बाद शादी करेंगे पहलवान बजरंग और संगीता

टोक्यो ओलम्पिक के बाद शादी करेंगे पहलवान बजरंग और संगीता

भिवानी
एशियाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में अनेक पदक जीत चुकी फोगाट बहनों में तीसरे नम्बर की संगीता फोगाट विश्व के नम्बर एक पहलवान बजरंग पूनिया से शादी करेंगी। संगीता 59 किग्रा. वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियन रह चुकी हैं। दोनों पहलवानों के रिश्ते को उनके परिजनों ने सहमति दे दी है। माना जा रहा है कि वर्ष 2020 में होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के बाद दोनों शादी कर सकते हैं। इस बात की पुष्टि संगीता के पिता और अर्जुन अवार्डी महावीर फोगाट ने की है। संगीता की बड़ी बहन बबीता फोगाट का भी पहलवान विवेक सुहाग से रिश्ता पक्का हो चुका है।

बजरंग जहां कोच शाको बेंटिनिडिस की देखरेख में ओलम्पिक की तैयारियों में जुटे हुए हैं वहीं संगीता फिलहाल राष्ट्रीय शिविर में चोट से ऊबर रही हैं। बताया जाता है कि यह पहलवान जोड़ी गत तीन वर्षों से डेट कर रही है। फोगाट बहनें वर्ष 2018 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में एक साथ मैट पर उतरीं थीं। इनमें फोगाट बहनों के नाम से जानी वाली चरखी दादरी के बलाली गांव की बबीता फोगाट, गीता फोगाट, संगीता फोगाट और रितु फोगाट चार सगी बहनें है तथा विनेश फोगाट चचेरी बहन है। गीता और विनेश की शादी पहले ही हो चुकी है। इस बीच महावीर फोगाट ने संगीता और बजरंग के रिश्ते की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों परिवारों के बीच बेहतर रिश्ते हैं। मैं बच्चों के लिए खुश हूं और उनकी भावनाओं की इज्जत करता हूं। मैंने उन्हें हमेशा कहा है कि वे अपना जीवनसाथी खुद चुनें। मैं संगीता के लिए खुश हूं और इस बारे में टोक्यो ओलिंपिक के बाद फैसला लिया जाएगा।