भारत-म्यांमार के बीच रेल सेवा के लिए पहला सर्वे पूरा
कटिहार
भारत-म्यांमार मैत्री संबंधों को गति देने के लिए रेलवे ने अपना काम तेज कर दिया है। म्यांमार की सीमा तक भारतीय क्षेत्र में रेल लाइन बिछाने के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। इंडो-म्यांमार रेल लिंक परियोजना के तहत इंफाल से मोरेह तक रेलखंड बनाया जाएगा। अभी भारतीय इलाके में इंफाल तक ही रेल लाइन है। इसे अपनी सीमा में मोरेह तक बढ़ाया जाएगा। मोरेह को म्यांमार के अंतिम रेल स्टेशन टामू से जोड़ा जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेल मंडल के प्रबंधक रवींद्र कुमार वर्मा और अपर मंडल रेल प्रबंधक विजय कुमार चौधरी ने बताया कि इंडो-म्यांमार रेल लिंक से दोनों देश के बीच बेहतर रिश्ता कायम करने और निकटतम पड़ोसी देश से व्यापारिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, सामाजिक रिश्ता मजबूत करने में मदद मिलेगी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अधिकारियों की एक टीम ने इसके लिए आरंभिक सर्वे पूरा कर लिया है। सर्वे में दोनों देशों के बीच 111 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने की बात है। अभी फाइनल सर्वे होना है। फाइनल सर्वे दोनों देश के बीच अंतराष्ट्रीय स्तर की वार्ता होने के बाद होगी।
अधिकारियों ने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा हरी झंडी मिलने के बाद ही रेल लिंक बनेगा। भारत सरकार का सपना है कि सभी पड़ोसी देश के बीच रेल लिंक की स्थापना हो। इस क्षेत्र में रेल मंत्रालय के आदेश पर बांग्लादेश के चिल्लामारी और भारत के हल्दीबाड़ी के बीच रेल लिंक काम कर रहा है। यात्री सेवा भी शुरू जल्द ही होने वाली है। भारत और म्यांमार और के बीच रेल लिंक बनने से दोनों देश के नागरिकों के बीच रिश्ता बेहतर होगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
