मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, दो की लाश के साथ मिली पाकिस्तानी आर्मी की बंदूक

मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर, दो की लाश के साथ मिली पाकिस्तानी आर्मी की बंदूक

कांकेर
 भानुप्रतापपुर के ताडोकी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए। दोनों नक्सलियों के शव जवानों ने बरामद कर लिए हैं। दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव के साथ एक एसएलआर समेत तीन रायफल बरामद की है। इसमें एक अमेरिकन मेड जी 03 रायफल है जिसका उपयोग पाकिस्तानी आर्मी करती है। मुठभेड़ जहां हुई वह धुर नक्सल प्रभावित इलाका है। सर्चिंग के दौरान उन्हें जंगल में नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। मुठभेड़ की एसपी कन्हैयालाल ध्रुव ने पुष्टि की है।

अमेरिका निर्मित है जी 03 रायफल, जिसे पाकिस्तानी आर्मी करती है इस्तेमाल

    जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान उन्हें ताडोकी थाना क्षेत्र में मुरनार के जंगलों में नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली। इस पर जवान मौके पर पहुंचे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी कार्रवाई की। थोड़ी देर चली इस मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए।  मारे गए नक्सलियों के पास से प्लाटून नंबर 15 की एसएलआर, जी03, 303 तथा 12 बोर रायफल के अलावा 21 नग जिंदा कारतूस, दवा, नक्सली साहित्य तथा रोजमर्रा की चीजें मिली है।

    पुलिस के अनुसार पाकिस्तानी फोर्स की बंदूक अबतक दूसरी बार कांकेर में मिली है। इसके पूर्व सुकमा में हुई मुठभेड़ में भी मिली थी। नक्सलियों तक पाकिस्तान की बंदूक कैसे पहुंची इसकी जांच चल रही है। मारे गए नक्सलियों में एक की शिनाख्त खड़का थाना आमाबेड़ा निवासी एलजीएस कमांडर दीपक उर्फ पीलाराम कवचाी (21) और दूसरे की मानकोट निवासी किसकोड़ो एलजीएस सदस्य रतिराम उसेंडी के रूप में की गई है। कमांडर पर था 5 लाख व पाकिस्तानी बंदूक पर है डेढ़ लाख का ईनाम था।

    इससे पहले गढ़चिरौली हमले की मास्टर माइंड नर्मदा सहित उसके पति को पकड़ा गया। वहीं गरियाबंद में सर्चिंग पर निकली पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त किया था। जिला पुलिस बल को एक गुफा नुमा जगह से भारी मात्रा में गोला बारूद, हथियार मिले हैं। इनमें देसी रॉकेट लॉन्चर, दो भरमार बंदूक, 1 एयर गन, एक देसी रिवॉल्वर, 5 जिलेटिन वायर, 12 बोर का बंदूक, 8 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के औजार सहित बारूद बनाने के सामान जब्त किया गया।