सिटी 36 मॉल से छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार गिरफ्तार

सिटी 36 मॉल से छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार गिरफ्तार

रायपुर 
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कलाकार मल्टिप्लेक्स में छत्तीसगढ़ी फिल्मों को प्राथमिकता नहीं देने के विरोध में मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे हैं. कलाकारों का प्रदर्शन राजधानी रायपुर में सिटी 36, अंबुजा सहित विभिन्न मॉल के सामने सुबह से ही जारी था. प्रदर्शन कर रहे कलाकारों को सुबह करीब दस बजे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें रायपुर सेन्ट्रल जेल भेजा गया. इस दौरान पुलिस और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कलाकारों के बीच झूमाझटकी और बहस भी हुई.

बता दें कि सिनेमा घरों और मॉल के मल्टिप्लेक्स में छत्तीसगढ़ी फिल्मों को कठिन शर्तों के साथ ही प्रदर्शित किया जाता है. कलाकारों का आरोप है कि इससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है. पिछले करीब एक महीने से छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकर व इस इंडस्ट्री से जुड़े लोग लामबंद हो रहे थे. इसके बाद एक संगठन ने आज मल्टिप्लेक्स और मॉल में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया. सुबह से ही प्रदर्शन जारी है. इसी बीच सिटी 36 मॉल के सामने से प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया.