सोनभद्र कांड: सीएम ने बढ़ाया मुआवजा, अब पीड़ित परिवारों को मिलेंगे 18.5 लाख

सोनभद्र कांड: सीएम ने बढ़ाया मुआवजा, अब पीड़ित परिवारों को मिलेंगे 18.5 लाख

सोनभद्र 
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र नरसंहार पर अब योगी आदित्यनाथ सरकार डैमेज कंट्रोल करती दिख रही है. प्रियंका गांधी के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोनभद्र जाकर गोलीकांड के पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की.  उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को मुआवजे के चेक बांटे. सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को दिए जाने वाली मुआवजा राशि 5 लाख से बढ़ाकर 18.5 लाख रुपये कर दी है. साथ ही प्रत्येक घायलों को 2.5 लाख रुपये की राहत देने का एलान किया है. 17 जुलाई को सोनभद्र के उम्भा गांव में ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार होकर सैकड़ों लोग जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे और विरोध करने पर 10 लोगों को मार डाला था .

आदिवासी विरोधी कांग्रेस 
यूपी सीएम ने कहा कि सोनभद्र में जमीन की लूट के लिए जो घटना हुई इसकी जांच के लिए अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय कमिटी रिपोर्ट देगी। कांग्रेस के लोगों ने सोनांचल में जमीनों की डकैती डाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चेहरा आदिवासी विरोधी है। गरीबों के हक पर डकैती डालने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। 

सोनभद्र के अन्य मामलों की भी कमिटी करेगी जांच 
सीएम योगी ने कहा कि जिले में जंगल की जमीन की लूट के सभी मामलों की जांच कराई जाएगी। सोनभद्र में जमीन की लूट के लिए जो घटना हुई इसकी जांच के लिए अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय कमेटी रिपोर्ट देगी। 

समाजवादी पार्टी से जुड़ा है आरोपी 
सीएम योगी ने कहा कि इस घटना का आरोपी यज्ञदत्त समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता है। वह समाजवादी पार्टी में सक्रिय भूमिका में है। इसके अलावा उसका भाई बीएसपी नेता है। ये सभी मिलकर आज तक सत्ता का दुरुपयोग करते रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं ने ही शुरू किया था। सत्ता का दुरुपयोग करके गरीबों के खिलाफ केस दर्ज करवाए गए और सत्ताधारियों के पक्ष में कार्रवाई की गई। 

अन्य मामलों की होगी जांच, लगाएंगे एनएसए 
योगी ने कहा कि जितने भी भू-माफिया हैं उन सभी पर एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। दबंगई के बल पर एसपी कार्यकर्ता ने गोलीकांड किया है उस व्यक्ति ने इस मामले के विवादित भूमि के बाहर भी गौड़ जाति और अनुसूचित जाति से जुड़े हुए लोगों के भूमि पर भी कब्जा करने का प्रयास किया है। उम्भा की घटना के अलावा भी कई मामले सामने आए हैं। सभी की जांच कराई जा रही है। सीएम योगी ने कहा कि अकेले एक कमिटी सोनभद्र जिले के लिए गठित की जा रही है। यह कमिटी यहां का सर्वांगीण विकास करेगी। एक साल के अंदर सर्वे कराकर अनुसूचित जाति, आदिवासी और मुसहर जाति के लोगों आवास दिए जाएंगे। पत्र लोगों को शौचालय, विद्युत कनेक्शन, गैस, विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। हर किसी को अभियान चलाकर राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। नई तहसील बनाई जाएगी और दो नए विकास खंड बनेंगे। 

बोले 18 को आना था पर... 
सीएम योगी ने कहा कि वह पहले यहां 18 को ही आना चाहते थे लेकिन उस दिन शवों का पोस्टमॉर्टम और उनके क्रियाकर्म की तैयारी चल रही थी। वह ऐसे में यहां आकर व्यवस्था खराब नहीं करना चाहते थे इसलिए शांति से क्रियाकर्म होने का इंतजार कर रहे थे। वह अब आए हैं।