41 विदेशी जमाती हैं तो वहीं 10 भारतीय जमाती हैं
निजामुद्दीन से लौटने के बाद भोपाल आकर मस्जिदों में छुपे हुए थे
भोपाल भोपाल के श्यामला हिल्स थाने के 14, ऐशबाग थाने के 23 और पिपलानी थाने के 14 जमातियों को पुलिस ने क्वारनटीन पीरियड खत्म होने के बाद गिरफ्तार किया था। इन जमातियों पर लॉकडाउन के बावजूद धार्मिक गतिविधियां करने के आरोप था। पुलिस ने इन्हें पहले हज हाउस में क्वारनटीन में रखा लेकिन वहां भी संक्रमण के खतरे को देखते हुए इन्हें दूसरी जगह रखा गया था। कोर्ट ने इन जमातियों को धारा188 के उल्लंघन का आरोपी तो माना ही, वहीं विदेशी जमातियों को वीज़ा नियमों के उल्लंघन का भी दोषी माना है। जेल भेजे गए जमातियों में से 41 विदेशी जमाती हैं तो वहीं 10 भारतीय जमाती हैं।

यह सभी निजामुद्दीन से लौटने के बाद भोपाल आकर मस्जिदों में छुपे हुए थे। जिला प्रशासन ने कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते लॉकडाउन करते हुए निर्देश दिए थे कि बाहर से आने वाले सभी लोगों को प्रशासन को सूचना देना अनिवार्य है, लेकिन यह बिना बताए भोपाल में रह रहे थे। इसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर अलग-अलग होटलों और हज हाउस में क्वारंटाइन किया था। क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद इन्हें मजिस्ट्रेट सुरेश शर्मा की अदालत में पेश किया गया।
एडीपीओ (सहायक लोक अभियोजक) ने कोर्ट को बताया कि विदेशी आरोपितों के पासपोर्ट भी जब्त किए गए हैं। विदेशी तब्लीगी जमाती अलग-अलग देशों के नागरिक हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। गौरतलब है कि कुल 68 जमातियों को गिरफ्तार किया गया था, इनमें से 17 को गुरुवार को ही जेल भेजा गया था। शुक्रवार को जेल भेजे गए जमातियों में से 50 विदेशी और एक भारतीय शामिल है।