BJP संगठन नेताओं की शिकायत पहुंची संघ मुख्यालय, केंद्रीय नेतृत्व से रिपोर्ट मांगी

भोपाल
प्रदेश में भाजपा संगठन के नेताओं की कार्यकर्ताओं से संवादहीनता और उनके विरोध की शिकायत संघ मुख्यालय तक पहुंची है। इसके बाद संघ मुख्यालय ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से इसकी रिपोर्ट मांगी जिसे देखते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने संगठन नेताओं को तलब किया।
पिछले दिनों भोपाल में संघ के सर कार्यवाह भैयाजी जोशी ने 12 प्रांतों के प्रबुद्धजनों की बैठक ली थी।
इस बैठक में विधानसभा की तर्ज पर लोकसभा चुनाव के पहले अलग-अलग क्षेत्र की नामी हस्तियों के साथ संवाद करने के लिए कहा गया है। संघ का मानना है कि इस तरह के फैसले से लोग राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ते हैं जिसका सीधा फायदा भाजपा को ही होता है। इसी बैठक में प्रबुद्धजनों की ओर से प्रदेश संगठन की संवादहीनता और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मसला भी उठा था और नामजद शिकायत की गई थी। इसके बाद संघ मुख्यालय ने इसकी रिपोर्ट भाजपा से मांगी है।
बताया जाता है कि इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने पिछले दिनों भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री समेत अन्य पदाधिकारियों को तलब कर सफाई मांगी है।