भोपाल, ऊधमपुर
रामबन जिला के चंद्रकोट इलाके में सीआरपीएफ की 84वीं वाहिनी के कैंप के पास बुधवार सुबह अमरनाथ यात्रियों की विंगर कार के टाटा सूमो से टकराने के कारण सात अमरनाथ यात्री घायल हो गए। घायल श्रद्धालु मध्यप्रदेश के हैं।
श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक गैर पंजीकृत अमरनाथ यात्रियों को लेकर विगर वाहन (नंबर जेके20-3527) श्रीनगर की तरफ जा रही थी। चंद्रकोट में सीआरपीएफ कैंप के पास विगर की आगे खड़ी टाटा सूमो (नंबर जेके12-0494) से टक्कर हो गई।
इस टक्कर से विगर और टाटा सूमो दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के वक्त विगर में 11 अमरनाथ यात्री सवार थे, जिनमें से दो महिलाओं सहित पांच श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों को रामबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान निशा सारस्वत पत्नी बिरध सारस्वत, विजय शिदे पुत्र नारायण शिदे, कुलदीप सिघल पुत्र कैलाश सिघल, सुशील भूषण पुत्र जुगल किशोर, मीना विजय पत्नी विजय शिदे और रमेश शर्मा पुत्र शाम लाल सभी निवासी मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
एसएसपी रामबन मोहन लाल के अनुसार हादसे में सभी अमरनाथ यात्री मामूली रूप से घायल हुए है। उनको रामबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी सुरक्षित हैं और ये सभी अमरनाथ यात्री गैर पंजीकृत थे।