सिंधिया ने बदला ट्वीटर स्टेटस, भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल

सिंधिया ने बदला ट्वीटर स्टेटस, भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल
भोपाल। काफी लंबे समय बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया का स्टेटस बदलकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ऐसे में कयास इस बात के लगाए जा रहे हैं कि श्री सिंधिया ने अपने आप को कांग्रेस से अलग कर लिया है। दरअसल, सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में अपनी पोस्ट बदलकर कांग्रेस महासचिव की जगह जनसेवक और क्रिकेटप्रेमी लिख दिया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किए गए इस बदलाव को लंबे समय से पार्टी से चल रही नाराजगी से जोडक़र भी देखा जा रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि सिंधिया का यह बदलाव ऐसे दौर में सामने आया है जब प्रदेश में पीसीसी चीफ को लेकर बार बार निर्णय टल रहा है और दूसरी अहम बात कि महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के कारण जबरदस्त सियासी उठापटक जारी है। इस बीच खबर यह है कि दिल्ली में पीएम मोदी से सिंधिया की मुलाकात भी हुई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी सिंधिया ने लोकसभा चुनाव में हार के बाद अपने स्टे्टस को बदला था। सिंधिया ने ट्वीटर प्रोफाइल पर कांग्रेस महासचिव, 2002-2019 तक गुना लोकसभा सीट से सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री लिखा था। लेकिन अब उन्होंने इसे भी हटाकर खुद को समाज सेवक और क्रिक्रेट प्रेमी लिख दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि सिंधिया ने अपनी नई प्रोफाइल में कांग्रेस का कोई जिक्र नहीं किया है। प्रदेश की सियासत में इस घटना को सिंधिया की लंबे समय से पार्टी से चल रही नाराजगी से जोडकर देखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही पार्टी और सिंधिया के बीच रिश्ते सामान्य नही है। वे सीएम बनना चाहते थे,लेकिन पार्टी हाईकमान ने कमलनाथ को यह मौका दे दिया। इसके बाद उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनाने की मांग उठी, इसके लिए समर्थक मंत्रियों और नेताओं ने भी खुलकर इसका समर्थन किया और हाईकमान से मांग की प्रदेश की कमान सिंधिया को सौंपी जाए। एक माह पहले बदला था स्टेटस : सिंधिया ट्वीटर को लेकर मचे घमासान के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसका जवाब दिया है। उन्होंने अपने एकाउंट पर लिखा है कि उन्होंने एक माह पहले ही किया था। यह सब किए जाने के पीछे लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। जनसेवक होना गर्व की बात है। यह मामला एक माह पुराना है। सिंधिया ने भले ही स्टेटस को लेकर जवाब दे दिया हो लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि पूरे प्रदेश से सिंधिया समर्थकों ने भी अपना सोशल स्टेटस बदल दिया है। जानकारी के अनुसार प्रदेशभर से सैकड़ो समर्थकों और पदाधिकारियों ने अपने सोशल स्टेटस को बदल कर केवल सिंधिया समर्थक लिखा है। ऐसे में प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर से नई बहस शुरू हो गई है। कांग्रेस ने दिलाई शिवराज के स्टेटस की याद ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्वीटर एकाउंट में बदलाव को लेकर उठे घमासान पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा है कि बीते साल विधान सभा चुनाव परिणाम आने के बाद शिवराज ने भी अपना ट्वीटर एकाउंट बदलकर कामन मैन आफ एम पी लिखा था। ऐसे में क्या शिवराज को मान लिया जाए कि उन्होंने भाजपा छोड़ दिया और अन्य दल में जा रहे हैं। चतुर्वेदी का कहना था कि ऐसा नहीं होता है। एक जननेता जो सीधे जमीन से जुड़ा होता है वो जनसेवक नहीं लिखेगा तो क्या लिखेगा? सिंधिया के ट्विटर बदलाव पर कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सिंधिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। विजयवर्गीय ने कहा है कि सिंधिया लंबे समय से पार्टी में उपेक्षित हैं। भाजपा में आने के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि इस विषय में हमें कुछ मालूम नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम से सिंधिया की मुलाकात हुई या नहीं यह भी नही मालूम । मंत्री पीसी ने किया पलटवार : कमलनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री पीसी शर्मा ने विजयवर्गीय के बयान पर पलटवार किया है। मंत्री श्री शर्मा ने कहा है कि उनके कुछ कहने से क्या होता है ? उनका बेटा तो बल्ला घुमा रहा है। सिंधिया को लेकर शर्मा ने कहा कि सिंधिया बड़े नेता हैं उनके बारे में मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।