फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लडेंगे शिवपाल यादव, 2 और प्रत्याशी घोषित

फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लडेंगे शिवपाल यादव, 2 और प्रत्याशी घोषित
फिरोजाबाद,  प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें अब भाई, भतीजा और परिवार नहीं देखना है बल्कि किसान, छात्र और व्यापारियों की समस्याएं देखनी हैं। यादव रविवार को जिले के शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। खुले मंच पर फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए यादव का एक बार फिर दर्द झलक गया। उन्होंने कहा कि कभी सोचा भी नही था कि नेताजी के रहते परिवार टूट जाएगा। इस दौरान उन्होंने रामपुर लोकसभा सीट से संजय सक्सेना और मेरठ से कवियत्री अनामिका अंबर को प्रत्याशियों खड़ा करने की घोषणा की। उन्होंने कहा उनकी अगुवाई में सारे विपक्षी सपा के बैनर तले आने को तैयार थे, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर सब एक हो जाते तो आज देश की सूरत कुछ और होती। राष्ट्रपति भी सपा का होता और सीएम भी। प्रसपा प्रमुख ने कहा कि हम नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ हमेशा थे और रहेंगे। हमने नेताजी को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। हम उन्हें जिताएंगे। यादव ने कहा कि हमने कभी सोचा भी नहीं था कि नेता जी के रहते परिवार टूटेगा। मैं कभी किसी पद का लालची नहीं रहा केवल सम्मान चाहने के साथ परिवार को एक रखना चाहता था। उन्होंने फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि एक वोट और एक नोट देना पड़ेगा। ये चुनाव आपको लड़ना पड़ेगा। गठबंधन पर उन्होंने कहा कि समान विचारधारा की पार्टियां मेरे साथ आ जाएं। सेकुलर पार्टियां एक हो जाएं। मैं गठबंधन को तैयार हूं। यादव ने कहा कि मैं किसानों के हित की बात करना चाहता हूं। पुरानी पेंशन और छात्रवृति की बात करना चाहता हूं। इससे पूर्व शिवपाल के बेटे आदित्य यादव ने तंज कसते हुए कहा कि लाल टोपी पहनने से समाजवादी नहीं बनते। जनता की लड़ाई लड़ने वाले ही सच्चे समाजवादी होते हैं। सांसद अक्षय यादव का नाम लिए बगैर आदित्य ने कहा कि 5 साल पहले जो जनप्रतिनिधि आपको दिया था उसने फिरोजाबाद में घर तो बहुत बड़ा बनाया लेकिन वह जनता के दिल में जगह नहीं बना पाए। उन्होंने प्रसपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह चाबी आपके नेता (शिवपाल यादव) के पास है।