फरार आबकारी ईनामी अफसर समुद्र सिंह शिकंजे में

फरार आबकारी ईनामी अफसर समुद्र सिंह शिकंजे में

रायपुर
लंबे अरसे से फरार चल रहे आबकारी विभाग के वरिष्ठ ईनामी अफसर समुद्र सिंह को एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने आखिरकार उनके निवास स्थान से गुरुवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने समुद्र सिंह को स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां पर यह बताना लाजमी होगा कि समुद्र सिंह विगत डेढ़ वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंकर फरार चल रहा था। एसीबी और ईओडब्ल्यू को भ्रष्टाचार के मामले में इस अफसर की तलाश थी।

उल्लेखनीय है कि आबकारी विभाग में करोड़ के भ्रष्टाचार के मामले में समुद्र सिंह का नाम आया था। इसके बाद जांच की शुरूआत होते ही इस अफसर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, उसके आशंका थी कि भ्रष्टाचार के मामले में उसकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। इस्तीफे के बाद से ही समुद्र सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसकी पतासाजी में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की पुलिस ने उसके संभावित स्थानों पर दबिश देकर वहां की खाक तलाशी लेकिन वह हाथ नहीं आया। समुद्र सिंह पर पुलिस ने दस हजार का ईनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस तथा एसीबी को मुखबिर से समुद्र सिंह के उनके बोरियाकला स्थित घर में उपस्थित रहने की जानकारी मिली जिसके बाद एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस गिरफ्त में आने के बाद समुद्र सिंह ने अपना स्वास्थ्य ठीक न होने का हवाला दिया, उसके इस जानकारी के बाद समुद्र सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। समुद्र सिंह के खिलाफ बेनामी संपत्ति के साथ-साथ आबकारी विभाग के ओएसडी रहते हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप है।