भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया

भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया

डेन बोश
ज्योति सुरेखा वेनम, मुस्कान किरार और राज कौर की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने शनिवार को यहां पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए तुर्की को तीन अंक से हराकर विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की जीत में एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता ज्योति ने अहम भूमिका निभाई। खराब शुरूआत के बाद उन्होंने आठ में से छह परफेक्ट 10 के निशाने लगाये जिससे भारत यह मुकाबला 229-226 से जीता। मुकाबले के पहले दौर में भातरीय टीम 55-57 से पिछड़ रही थी। दूसरे दौर में ज्योति ने लय हासिल किया और भारत 58-53 से आगे हो गया। तीसरे दौर में दोनों टीमों ने बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर 58-58 का रहा। भारतीय टीम ने चौथे दौर में भी 58 का स्कोर किया जबकि तुर्की की टीम 57 अंक ही हासिल कर सकी। विश्व चैम्पियनशिप में भारतीय पुरूष रिकर्व पहली बार स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेगी। 14 वर्षों के बाद फाइनल में पहुंची भारतीय टीम के सामने रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले में चीन की चुनौती होगी।