युवक को दबंगों ने रस्सी से बांधकर सरे बाजार घसीटा, 10 गिरफ्तार
देवास
मध्य प्रदेश के देवास जिले में दबंगों ने की पैसे के लेनदेन के विवाद के बाद एक युवक की जमकर पिटाई की और उसके बाद बीच बाजार में युवक को रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा. इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों पर मारपीट का मामला दर्ज किया है. पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इटावा का है. दबंगो ने फंड के रुपयों को लेकर इटावा के रहने वाले राजेन्द्र दरबार को रस्सी से बांधकर घसीटा उसके साथ जमकर मारपीट की. बीच बाजार में हुई इस घटना के बाद जागी पुलिस ने क्षेत्र के 12 से 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
बताया जाता है कि क्षेत्र में राम सिंह झारे वाले के परिवार का दबदबा है . उस क्षेत्र में उसका ब्याज का धंधा भी चलता है. सीएसपी अनिल सिंह राठौड़ ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की. करीब एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है. इनमें से 10 से अधिक आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है. सूत्रों की मानें तो फंड के करीब 50 लाख रुपयों को लेकर यह विवाद हुआ.
बहरहाल बीच बाजार में हुई इस गुंडागर्दी के बाद लोगों में दहशत है. जहां यह वारदात हुई वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद इस घटना पर पुलिस के मूकदर्शक बने रहने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्नचिन्ह खड़े हुए हैं. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है.
bhavtarini.com@gmail.com 