संबल योजना में 29 लाख से अधिक श्रमिक अपात्र, श्रमिकों का सत्यापन कार्य शेष

भोपाल
मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना अन्तर्गत सवा करोड़ में 29 लाख से अधिक श्रमिक अपात्र पाये गये हैं। जबकि एक करोड़ से अधिक श्रमिकों का सत्यापन कार्य शेष है। इतनी बड़ी संख्या में अपात्र मिले श्रमिकों को लेकर सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं क्योंकि आयुष्मान योजना में एक करोड़ से ज्यादा श्रमिक लाभ उठा चुके हैं।
संबल योजना में बने कार्डधारियों का कांग्रेस सरकार सत्यापन करा रही है। पहले चरण में अभियान 1 से 15 जुलाई तक चला। इसके बाद अभियान को 15 अगस्त तक के लिये बढ़ा दिया गया।
ताजा रिपोर्ट है कि तीन विभागों नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और श्रम विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने अंतिम तिथि तक 1 करोड़ 24 लाख 77 हजार 388 संबल श्रमिकों की पात्रता की जांच की। इसमें 29 लाख 44 हजार 354 श्रमिक अपात्र होने की श्रेणी में आये हैं।
कांग्रेस सरकार ने संबल का नाम बदलकर नया सबेरा कर दिया है। मुख्यमंत्री, योजना को लेकर शीघ्र ही फीडबैक लेंगे। जानकारी के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में अपात्र श्रमिकों के मिलने से सरकार की चिंता बढ़ गई है कि क्योंकि सरकारी योजना का लाभ लेने वालों में अपात्रों के नाम भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार श्रम विभाग एकबार फिर सत्यापन अभियान को आगे बढ़ा सकती है।