भाजपा ने सरकारी खजाने में छोड़े हैं 1.60 लाख करोड़ : मलैया

भोपाल
मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद अब प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के सरकारी खजाने में एक लाख 60 हजार करोड़ रुपये छोड़े हैं। सरकार ने प्रदेश के लिए जो भी कर्ज लिया था वह भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के तहत ही लिया गया। इससे सरकार पर कर्ज भले ही बढ़ा है, लेकिन सरकारी खजाना खाली नहीं है। यह राशि को प्रदेश के विकास कार्यों में ही लगाया गया है।
भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कहा वित्त मंत्री रहे मलैया दो दिन पहले दिए अपने ही बयान से मुकर गए हैं। अब उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार में कभी भी ओवर ड्रॉफ्टिंग नहीं की गई है। राजस्व घाटे की बात कांग्रेस सरकार ही करती है। भाजपा सरकार ने सरकारी खजाने में 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपए छोड़े हैं। जयंत मलैया नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री कमलनाथ के उस बयान का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा भी ये मान चुकी है कि प्रदेश का खजाना खाली है।
मलैया ने दो दिन पहले कहा था कि कांग्रेस ने 15 साल पहले हमें जिस हालत में मध्य प्रदेश का खजाना सौंपा था, हमने उन्हें वैसा ही लौटाया है। उन्होंने कहा था, 'मप्र पर राष्ट्रीयकृत बैंकों का 34 से 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज बाकी है। सब कुछ मिलाकर देखा जाए तो मप्र एक लाख 65 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में है और करीब दो हजार करोड़ रुपए का ओवर ड्रॉफ्ट है।'
पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि कर्ज माफी अच्छी है, हम इसका स्वागत करते हैं। हमने भी किसानों के लिए बहुत किया है। पिछले एक साल में हमने अलग-अलग मदों में किसानों के खाते में 31 हजार करोड़ रुपए डाले हैं। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मलैया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय राजस्व घाटा 4400 करोड़ था, पिछले 15 साल में हम ओवरड्राफ्ट नहीं हुए। भाजपा सरकार ने सरकारी खजाने में 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये छोड़े हैं। हमारी सरकार ने 31 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले हैं। किसानों की कर्ज माफी के फैसले पर मलैया ने कहा कि इस मामले में मैंने बड़े अधिकारियों से बात की है, लेकिन उन्हें भी समझ में नहीं आ रहा है कि यह कैसे संभव होगा।