सिंहदेव ने अपने सूबे में स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने देखा राजस्थान की व्यवस्था

सिंहदेव ने अपने सूबे में स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने देखा राजस्थान की व्यवस्था

रायपुर
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव और वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों ने राजस्थान का दौरा कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं और राजस्थान सरकार द्वारा संचालित अभिनव योजनाओं का अध्ययन किया। उन्होंने इस दौरान राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा से भी मुलाकात की। सिंहदेव ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने राजस्थान सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की सराहना की। उन्होंने डॉ. शर्मा को छत्तीसगढ़ में यूनिवर्सल हेल्थ केयर की तैयारियों के बारे में जानकारी दी।

सिंहदेव के साथ स्वास्थ्य विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री नीरज बंसोड़ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने भी राजस्थान का दौरा किया। उन्होंने अध्ययन प्रवास के दौरान राजस्थान में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने टोंक जिला चिकित्सालय तथा मातृ एवं शिशु चिकित्सालय का भ्रमण कर वहां की तमाम व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केन्द्र का भी अवलोकन किया। टीम ने राजस्थान मेडिकल सर्विसेस कारपोरेशन की कार्यप्रणाली का भी अध्ययन किया।