स्कूल के बाहर छात्र ने की बेटी से छेड़छाड़, विरोध करने पर पिता की कर दी पिटाई

पटना
बिहार की राजधानी पटना में एक नौंवी कक्षा के छात्र के द्वारा छात्रा के साथ स्कूल के बाहर छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता के द्वारा जब छेड़छाड़ का विरोध किया गया तो छात्र ने उनकी जमकर पिटाई कर दी जिसके चलते वह घायल हो गए। पीड़ित छात्रा के पिता ने इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है।

पिता का कहना है कि गुरूवार को स्कूल में छुट्टी के समय छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। जब छात्रा के पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। छात्रा के पिता का कहना है कि जब उन्होंने स्थानीय लोगों से मदद की मांग की तो कोई आगे नहीं आया। मदद करने के स्थान पर कई लोग वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। 

अन्य अभिभावक का भी कहना है कि स्कूल के बाहर छेड़खानी की कई घटनाएं सामने आई हैं लेकिन पुलिस के द्वारा इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं पत्रकार नगर थाने के एसएचओ संजीव कुमार सिन्हा के द्वारा मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।