कर्नाटकः अब तक 4 बार बनीं गठबंधन सरकारें, 2 साल भी नहीं चल पाईं
नई दिल्ली
कर्नाटक में तख्तापलट हो गया है. कांग्रेस-जेडीएस की सरकार विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के बाद बहुमत नहीं साबित कर पाई. कर्नाटक के सियासी इतिहास में चुनाव बाद बनी कोई भी गठबंधन सरकार 5 साल नहीं चल पाई है. अब तक चार बार कर्नाटक में गठबंधन की सरकारें सत्ता में आई हैं.
पहली बार 1983 में जनता पार्टी, बीजेपी, लेफ्ट व अन्य दलों ने मिलकर सरकार बनाई थी. ये सरकार 1 साल 354 दिन तक चली थी. दूसरी बार गठबंधन की सरकार 2004 में बनी थी. जेडीएस और कांग्रेस ने मिलकर सत्ता संभाली थी. ये सरकार 2 साल भी नहीं टिक पाई थी. तीसरी बार गठबंधन की सरकार 2006 में बनी थी, जो जेडीएस-बीजेपी ने मिलकर बनाई थी. ये सरकार भी 2 साल के अंदर ही गिर गई थी. चौथी बार मई 2018 में जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस के सहयोग से सत्ता हासिल की थी, लेकिन 12 जुलाई 2019 तक उनकी सरकार भी सत्ता से बाहर हो गई.
२ मुख्यमंत्री ही पूरा कर पाए हैं 5 साल का कार्यकाल
1956 में कर्नाटक के बनने से लेकर अबतक सिर्फ दो मुख्यमंत्रियों ने अपने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया है. 1972 में डी देवराज ने सत्ता में आने के बाद अपना कार्यकाल पूरा किया था. इसके बाद 2013 में सिद्धारमैया ने पूरे 5 साल सरकार को चलाया था.
बता दें कि मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट में मुख्यमंत्री कुमारस्वामी असफल हो गए. विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव एचडी कुमारस्वामी ने पेश किया था. विश्वास मत के पक्ष में 99 वोट पड़े जबकि विरोध में 105 वोट पड़े. वहीं, कुमारस्वामी की सरकार गिरने के बाद बीजेपी खेमे में खुशी की लहर देखी गई. विधानसभा के बाहर बीजेपी कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे.
bhavtarini.com@gmail.com 