यहां दहशत में लोग, कुएं से उठ रहे बुलबुले, जमीन में सुनाई दे रहे धमाके
बड़वानी
मध्य प्रदेश बड़वानी जिले में भू-गर्भीय हलचल ने लोगों को दहशत में डाल दिया है| जिले के करीब 8 गांवों में पिछले एक सप्ताह से भू-गर्भीय धमाके सुनाई दे रहे हैं। वहीं ग्राम भमोरी के एक कुएं से बड़ी संख्या में पानी में बुलबुले भी दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना प्रशासन को दी। जिसके बाद राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान ने संबंधित क्षेत्र का दौरा किया है।
जानकारी के मुताबिक भू-गर्भीय हलचल अधिक होने से ग्रामीणों में दहशत है| ग्रामीणों ने इस बात की सूचना प्रशासन को दी। वहीं जिला मुख्यालय स्थित वैधशाला के भूकंप मापी में हल्के झटके दर्ज हुए हैं। हालांकि यह रिएक्टर पैमाने पर नहीं आए हैं। राजपुर अनुभाग के ग्राम भमोरी, साकड़, बिल्वारोड़, राजीवगांधी नगर, टांडा, उमरिया, हरिबड़, सुराणा, गुगलगांव, सिनगुन आदि में ग्रामीणों को गत 9 अगस्त से जमीन के अंदर धमाकों की आवाज आ रही है। ग्राम भमोरी निवासी अरविंद चौहान ने बताया कि पहले दिन जमीन से रात को आए झटके कुछ सेकंड तक रहे। इस आवाज ने सबको डरा दिया और कई लोग घरों के बाहर निकल आए थे। अब लगभग प्रतिदिन रात को जमीन में गड़गड़ाहट सी सुनाई दे रही है। इससे ग्रामीण भयभीत हैं।
ग्रामीणों ने सीएम हेल्प लाईन नं 181 पर इसकी शिकायत भोपाल दर्ज करवाई है। वहीं ग्रामीणों ने इन घटनाओं की वैज्ञानिक जांच की मांग की है। उल्लेखनीय बड़वानी जिला नर्मदा तापी के सुप्ता फाल्ट के अंतर्गत भूकंप प्रवण जोन 3 में आता है। राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान का कहना है करीब आधा दर्जन ग्रामों में गत एक सप्ताह से तेज आवाज के साथ कंपन की सूचना पर शनिवार को ग्राम भमोरी, गूगलगांव और सिनगुन का दौरा कर नागरिकों से चर्चा की। इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को प्रेषित की है।
bhavtarini.com@gmail.com 
