90 फीसदी विद्यार्थी फेल, दिसंबर में एक बार फिर प्रवेश परीक्षा कराएगा आरजीपीवी
भोपाल, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 90 फीसदी विद्यार्थी फेल हो गए हैं। उन्हें दोबारा मौका देने के लिए आरजीपीवी दिसंबर में एक बार फिर प्रवेश परीक्षा कराएगा। परीक्षा में पास 64 विद्यार्थियों का पंजीयन शुरू हो गया है। इसके बाद वे एक साल कोर्स वर्क में प्रवेश ले पाएंगे। आरजीपीवी की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 90 फीसदी विद्यार्थी फेल हो गए हैं। शेष 10 फीसदी विद्यार्थी ही परीक्षा पास कर पाए हैं।
परीक्षा में 600 विद्यार्थी शामिल हुए थे। उत्तीर्ण विद्यार्थियों के पंजीयन 25 जुलाई तक चलेंगे। इसका कार्यक्रम आरजीपीवी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। पंजीयन होने के बाद आरजीपीवी कोरोना संक्रमण को देखते हुए विद्यार्थियों की आनलाइन क्लासेस लगाएगा। इसके लिए कालेजों को पृथक से आदेश जारी कर सूचित किया जाएगा। परीक्षा में फेल विद्यार्थियों को दोबारा मौका देने के लिए आरजीपीवी दिसंबर में प्रवेश परीक्षा आयोजित कराएगा। क्योंकि आरजीपीवी के पास करीब 300 सीटें मौजूद हैं, जिनमें वर्तमान परीक्षा में पास हुए 64 विद्यार्थी प्रवेश लेंगे। इससे आरजीपीवी में शेष करीब ढाई सौ सीटें रिक्त रह जाएंगी, जिनमें प्रवेश देने के लिए आरजीपीवी योग्य विद्यार्थियों की तलाश फिर शुरू करेगा।
पीएचडी करने के पहले विद्यार्थी को आरजीपीवी पहुंचकर गाइड की तलाश करना होती थी। इसके बाद वे गाइड से संपर्क करने के उनके घर और कालेज के चक्कर काटते थे। इसके बाद उन्हें गाइड को पीएचडी करने हर तरीके से रिझाना पड़ता था। फिर वे प्रवेश परीक्षा में शामिल होते थे। परीक्षा में पास होने के बाद उन्हें पीएचडी करने की अनुमति मिलती थी। फेल होने के बाद उनका समय और खर्च बेकार हो जाते थे। अब उन्हें गाइड और सेंटर की सूची आॅनलाइन मिलेगी।
यूआईटी, जीएसआईटीएस, एमआईटीएस, एसएटीआई, एम्प्री, एनआईटीटीटीआर, सिपेट, मैपकास्ट, रीवा, उज्जैन, सागर, जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज, रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर ट्रायबल जबलपुर, जवाहर लाल नेहरु कैंसर अस्पताल, एनर्जी, बायोटेक्नालाजी, आईटी और फार्मेसी डिपार्टमेंट।