भोपाल, शिवराज सरकार के 100 दिन पूरे होने पर भोपाल स्थित बीजेपी ऑफिस में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वर्चुअल रैली के जरिए बीजेपी के कद्दावर नेताओं ने प्रदेश की जनता के सामने अपनी उपलब्धियां गिनाई हैं। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर जबरदस्त प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे चील मुझे नोचने के लिए बैठे हैं। मैं कांग्रेस में रह कर भी सदा सत्य का साथ दिया हूं।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि एक दल ने सत्ता को कायम रखने के लिए देश में आपातकाल कायम किया और दूसरे ने लोगों की जान बचाने के लिए लॉकडाउन का निवेदन किया और लोगों ने अपने प्रधानसेवक की अपील को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहेंगे कि कांग्रेस छोड़ने पर इस तरह की बात कर रहे हैं। मैंने कांग्रेस में रह कर भी आपातकाल का विरोध किया है।
पीपीई किट नहीं था
सिंधिया ने कहा कि जब भारत में लॉकडाउन शुरु हुआ तो न तो पीपीई किट थी और न ही इस बीमारी से बचने के लिए कोई साधन था। ये प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज 5 लाख किट रोज़ बन रहे हैं। 1 हजार अस्पताल हैं। पीएम की संवेदनशीलता और साहस का ही बल है कि चीन के सैनिकों को हमारे जवानों ने धूल चटाई। आज हमारे प्रधानमंत्री लेह पहुंचकर जवानों का हौसला बढ़ा रहे हैं। ये है सशक्त नेतृत्व का परिणाम।
पीएम ने लॉकडाउन का फैसला नहीं लिया होता तो लाशों के ढेर लग जाते: ज्योतिरादित्य
सिंधिया ने कहा, 'मुझे कोरोना हो गया था। मानसिक तनाव काफी था। काफी कुछ भुगता है। उससे उभरने में मुझे 30 दिन लग गए। यह बीमारी घातक है। कामना करता हूं कि मेरे किसी दुश्मन को भी यह न हो। अभी यह खत्म नहीं हुई है। अभी दो से तीन महीने और हमें इससे बचना है। सावधानी बरतना जरूरी है। अपना और अपने परिवार का ख्याल रखें। प्रधानमंत्री के लॉकडाउन का विरोध करने वाले समझ लें, अगर हमारे प्रधानमंत्री ने यह निर्णय नहीं लिया होता तो लाशों के ढेर लग जाते।'