अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी 40 यात्रियों से भरी बस, कई घायल

अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी 40 यात्रियों से भरी बस, कई घायल

देवास
मध्यप्रदेश के देवास जिले के बागली में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बस अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए।इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

दरअसल, शनिवार देर रात बागली के हाईवे मार्ग पर स्थित काली सिंध नदी के पुल पर एक बस अनियंत्रित होकर नदी मे गिर गई।हादसा उस वक्त हुआ जब बस इन्दौर से बैतूल जा रही थी। हादसे की खबर जैसे ही ग्रामीणों को लगी वे तुरंत मदद के लिए वहां पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। हादसे मे लगभग 40 यात्री घायल हो गए।आनन-फानन में डायल 100 और 108 से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार की हालत गम्भीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है हादसे मे एक महिला का पैर सीट के एंगल में फंस गया, जिसे निकालने के लिए कटर से सीट को काटना पड़ा। करीब ढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया।वही बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहास हादसे के कारणों का पता नही चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।