छात्रा का युवकों ने किया अपहरण, दो घंटे में गिरफ्तार

छात्रा का युवकों ने किया अपहरण, दो घंटे में गिरफ्तार

बिलासपुर
 सेंट्रल यूनिवर्सिटी से घर लौट रही सीयू लाॅ की छात्रा को एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने रास्ते में रोका और साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। इस दौरान वह चार घंटे तक उसे लेकर कार में इधर-उधर घूमता रहा। पुलिस की नाकेबंदी के कारण वह भागने में सफल नहीं हुआ और साथियों के साथ पकड़ा गया। अपहरण की दिनदहाड़े यह वारदात सेंट्रल यूनिवर्सिटी के करीब ही हुई।


मूल रूप से कोरबा जिले की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा सेंट्रल यू्निवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रही है। वह यहां मंगला में रहती है। शुक्रवार की दोपहर वह अपने दो अन्य सहेलियों के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। करीब एक बजे थे। तीनों यू्निवर्सिटी गेट से बिलासपुर की ओर करीब आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचीं थी कि एक सफेद रंग की कार उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर आगे खड़ी हो गई। इसमें तीन युवक सवार थे। इनमें दो बाहर निकले। दोनों में एक सीयू का ही छात्र प्रशान्त काटिल भी था। उसने अपने साथी के साथ छात्रा का हाथ-पैर पकड़कर उसे जबरदस्ती कार में डाल दिया। दोनों उसे पकड़कर बैठे और यह गाड़ी वापस कोनी की ओर मुड़ गई। सहेलियों ने शोर मचाया। जब तक काेई वहां आता तबतक कार आगे बढ़ चुकी थी। उन्होंने फोन से सेंट्रल यूनिवर्सिटी के अन्य छात्रों व पुलिस को सूचना दी।

दिनदहाड़े सीयू छात्रा की अपहरण होने की घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी सकते में आ गए। एएसपी ओपी शर्मा ने कार को रोकने सिविल लाइन, सिटी कोतवाली व कोनी पुलिस की टीम अलग-अलग दिशाओं में भेजी। कार कोनी थाना से आगे बढ़ चुकी थी पर किधर गई थी किसी को पता नहीं था। इसलिए पुलिस की एक टीम रतनपुर की ओर गई और बाकी तुर्काडीह बाइपास व मोपका बाइपास की ओर बंट गए। तलाश चल रही थी। इधर, अधिकारी साइबर सेल के माध्यम से भी लोकेशन ट्रेस करने में जुटे थे। उनका लोकेशन सकरी बाइपास की ओर मिला तो पुलिस सक्रिय हो गई। यह कार अखिरकार पुलिस को सकरी के पास मिल गई। इसे प्रशांत काटिल चला रहा था और छात्रा मौजूद थी। पुलिस की नाकेबंदी की जानकारी मिलने पर बाकी दो साथी अमेरी चौक के पास ही उतर गए थे। पुलिस ने कार को रोका और प्रशांत को पकड़ लिया।

उसे  कार सहित कोनी थाना लाया गया। यहां छात्रा का बयान लिया गया। पुलिस ने प्रशांत की निशानदेही पर बाकी दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। छात्रा ने उन्हें पहली बार देखा था। उन्हें पहचानती नहीं। पकड़े गए दोनों युवक प्रशांत के साथी हैं। कोनी पुलिस ने उनके खिलाफ 354, 365,पाॅस्को एक्ट 34 के तहत कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी प्रशांत भी सीयू में एलएलबी की पढ़ाई रहा है। यहीं उसका छात्रा से परिचय हुआ था। दोनों में दोस्ती हुई। इस बीच युवक ने उससे प्रेम का इजहार किया। जिसे छात्रा ने ठुकरा दिया और बातचीत भी बंद कर दी तो वह परेशान हो गया। इस बीच उसने कई बार मिलने की कोशिश की। कामयाब नहीं हुआ तो साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना ही बना डाली।