भारी जीत से उत्साहित BJP में अब संगठनात्मक नियुक्तियों का दौर

भारी जीत से उत्साहित BJP में अब संगठनात्मक नियुक्तियों का दौर

भोपाल
उपचुनाव में भारी जीत से उत्साहित भाजपा में अब संगठनात्मक नियुक्तियों का दौर तेज होगा। इसके लिए लंबे समय से पार्टी में पद की बाट जोह रहे कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी अब संगठन में बढ़ेगी। दूसरी ओर पार्टी में छह माह के अंतराल में शामिल हुए बड़े नेताओं के एडजस्टमेंट और उन्हें प्रशिक्षण देने पर भी प्रदेश संगठन का फोकस होगा।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा इसके लिए सबको साधने के साथ सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को ध्यान में रखते हुए ये नियुक्तियां करेंगे। खासतौर पर उनकी प्रदेश टीम और जिला स्तर पर बनने वाली टीम में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के एडजस्टमेंट के काम में तेजी आएगी। शर्मा के अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अभी अपनी प्रदेश कार्यकारिणी घोषित नहीं की है। उन्होंने पार्टी में पांच महामंत्रियों की नियुक्ति के अलावा उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों पर पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने का मामला चुनाव तक टाल दिया था। अब जबकि उपचुनाव में भारी बहुमत मिल गया है तो वे आसानी से फैसले ले सकेंगे। इसके लिए उनका अपनी कोर टीम से मंथन फिर आज से ही शुरू होने वाला है।

आने वाले दिनों में प्रदेश भाजपा में सिंधिया समर्थक छह पूर्व विधायकों के भविष्य को लेकर भी फैसला किया जा सकता है। चुनाव हारे इन नेताओं इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया, रणवीर जाटव, मुन्नालाल गोयल, जसमंत जाटव, रघुराज कंसाना के अलावा एदल सिंह कंसाना को संगठन में कोई पद दिया जा सकता है या फिर निगम मंडल में उन्हें कहीं मौका मिल सकता है।

सूत्रों का कहना है कि वे इसके लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी चर्चा करके ही अंतिम फैसला करेंगे। जिला स्तर पर भी कार्यकारिणी का गठन संगठनात्मक चुनाव के बाद नए जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर नहीं हो सका है। यह काम भी अब जल्द पूरा कराया जाएगा। कई जिलों में मंडल कमेटी भी बनना बाकी है, उसे भी पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।

उपचुनाव में जीत के बाद अब सीएम शिवराज सिंह चौहान निगम-मंडल और बोर्ड में नियुक्तियों को तरजीह दे सकते हैं।  चूंकि पार्टी में आने वाले दिनों में सबको मौका दिए जाने के लिए पूर्व में ही नेताओं को आश्वस्त किया गया है, इसलिए माना जा रहा है कि जल्द ही तीन सौ से अधिक अशासकीय पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की नियुक्तियां हो सकती हैं।