मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा - राज्य पुलिस को सक्षम बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध  

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा - राज्य पुलिस को सक्षम बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध  

मुंबई
मुंबई में 26 नवम्बर 2008 को हुए आतंकवादी हमले में शहीद पुलिसकर्मियों को गुरुवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों से लेकर छोटे-मोटे चोर को पकड़़ने के लिए मुंबई पुलिस हमेशा तैयार रहती है। 26 नवम्बर को मुंबई पर आतंकवादी हमला होने के बाद पुलिस ने जिस तरह आतंकवादियों का सफाया किया, उससे आतंकवादी अब मुंबई का नाम लेने से भी डरने लगे हैं। 

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ने कहा कि 26 नवम्बर को जिस समय मुंबई पर हमला हुआ था, उसी समय उन्होंने पुलिस अधिकारी विजय सालसकर को फोन किया था। विजय सालसकर ने कहा कि वह घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। इसके कुछ देर बाद फिर से विजय सालसकर को फोन लगाया तो उनका फोन नहीं लगा। कुछ देर बाद पता चला कि वे घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और सेना के जवानों ने इस घटना का सामना जिस बहादुरी से किया वह अतुलनीय है। इस मौके पर गृहमंत्री अनिल देशमुख, पुलिस महानिदेशक सुबोध जायसवाल आदि उपस्थित थे।