छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून, जगदलपुर में 24 घंटे में 56 मिमी बारिश
रायपुर
लंबे इंतजार और 20 जून तक 'लू" की स्थिति बनी रहने के बाद आखिरकार राहत वाली खबर आ ही गई। मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। मौजूदा परिस्थितियां ऐसी हैं कि 25 जून के पहले-पहले मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा।
जगदलपुर के रास्ते प्रदेश में दाखिल हुए मानसून ने सिर्फ 24 घंटे में जगदलपुर को पानी-पानी कर दिया है। वहां 56 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही धमतरी, बिलासपुर, जांजगीर, महासमुंद से लेकर बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश जारी है। यह मानसून का ही असर है कि रायपुर में शुक्रवार की सुबह से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। बदली छाई रही, पारा 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
जगदलपुर में मानसून 10 जून तक पहुंच जाना चाहिए, मगर इस बार पूरे 11 दिन देर से पहुंचा। मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून भले ही देर से आया हो, मगर इससे बारिश पर असर नहीं पड़ेगा। सीजन में 96 से 104 फीसद बारिश का पूर्वानुमान पहले ही मौसम विभाग जारी कर चुका है।
bhavtarini.com@gmail.com 