दीपावली पर जगमग हुआ भगवान राम का ननिहाल चंदखुरी

दीपावली पर जगमग हुआ भगवान राम का ननिहाल चंदखुरी

पहली बार राम के ननिहाल माता कौशल्या के मंदिर को पूरे 3600 दियों की श्रृखंला से सजाया गया 

रायपुर, राजधानी से लगे चंदखुरी भगवान राम के ननिहाल को इस बार दीपावली में 3600 दीप प्रज्जवलित कर माता कौशल्या के पौराणिक मंदिर में विजयोउत्सव मनाया जा रहा है। राज्य बनने के बाद पहली बार राम के ननिहाल माता कौशल्या के मंदिर को पूरे दियों की श्रृखंला से सजाया गया। छत्तीसगढ़ की हमर राम समिति हमर राम समिति के संयोजक मंडल में शामिल आरपी सिंह ने बताया कि इस दीपोउत्सव की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थी जिसमें लोग अपनी इच्छानुसार दीये दान में दे रहे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वंय 36 दीये दिए साथ ही उन्होंने केन्द्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर बस्तर से नक्सलवाद को समाप्त करने के लिये दीपदान के बारे में उन्होंने सुझाव दिया।चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर प्रांगण में 3600 दीये जलाए गए हैं। इसके पीछे छत्तीसगढ़ के 36 गढ़ों की परिकल्पना है। प्रत्येक गढ़ के प्रतिनिधित्व के तौर पर 100 दीये जलाए गए हैं। दीये जलाने से पहले स्थानीय लोगों, हमर राम समिति के संयोजक महंत रामसुंदर दास, आरपी सिंह, विनोद तिवारी आदि ने विधि विधान से माता कौशल्या, भगवान राम, भगवान हनुमान और लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पूरे परिसर में दीयों की शृंखला तैयार की गई जिससे पूरे चंदखुरी में उल्लास का वातवरण बन गया। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से समिति के संयोजक और छत्तीसगढ़ गो सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, आरपी सिंह और विनोद तिवारी को 36 दीये सौंपे। राज्य के मुख्य सचिव मुख्य सचिव आरपी मंडल दीपावली से एक दिन पूर्व चंदखुरी गए थे। जहां उन्होंने यहां चल रहे विकास परियोजना के कार्यो की समीक्षा की। उनके साथ पीसीसीएफ राकेश चतुवेर्दी, सचिव पर्यटन पी. अन्बलगन तथा पर्यटन मण्डल की प्रबंध संचालक रानू साहू भी उनके साथ थे। उल्लेखनीय है कि रायपुर से करीब 20 किमी दूर स्थित चंदखुरी को प्राचीन कौशल की राजधानी माना जाता है। यहां भगवान राम की माता कौशल्या का एक प्राचीन मंदिर है। इसमें भगवान राम माता कौशल्या की गोद में बैठे दिखाए गए हैं। यह मंदिर, राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी राम वन गमन पथ का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सरकार ने इस मंदिर परिसर के 26 एकड़ के परिसर को नए सिरे सजाने का काम शुरू किया है। इसके लिए 17 करोड़ का खर्च अनुमानित है।