अब नगर निगम चुनाव के बाद ही वापस मिलेंगे लाइसेंसी हथियार

अब नगर निगम चुनाव के बाद ही वापस मिलेंगे लाइसेंसी हथियार

उपचुनाव वाले जिलों में पहले से ही जमा हैं हथियार

भोपाल। उपचुनाव में जमा हुए लाइसेंसी हथियार अब नगरीय निकाय चुनाव के बाद मिल सकेंगे। क्योंकि मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उधर, लाइसेंसधारियों भी हथियार जमा कराने की परेशानी से बचने के लिए अभी हथियार वापस नहीं मांग रहे हैं। गौरतलब है कि 19 जिलों में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में लोगों के लाइसेंसी हथियार जमा करा लिए गए थे। जिला कलेक्टरों ने लगभग चुनाव से पहले एक आदेश जारी कर उपचुनाव वाले जिलों के सभी हथियारों के लाइसेंस अस्थाई रूप से निलंबित कर दिए थे। कलेक्टरों ने लाइसेंसधारियों को हथियार चुनाव से पहले थाने में जमा कराने के निर्देश दिए थे। रिटायर्ड सेना के जवान, पुलिस के अधिकारी व जवान, बैंकों के सुरक्षा गार्ड के अलावा विशेष परिस्थतियों में डेढ़ हजार से अधिक लाइसेंसधारियों को हथियार जमा नहीं करने की छूट मिली थी। शेष हथियार जिला प्रशासन व पुलिस ने थानों में जमा करा लिए थे। अब नगर निगम चुनाव के बाद मिलेंगें हथियार पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अभी लाइसेंसी हथियारों की वापस नहीं किए जाएंगें। क्योंकि नगरीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगर लाइसेंसी हथियार अभी वापस किए जाते हैं तो निगम चुनाव की घोषणा के बाद फिर से हथियार जमा कराने की प्रक्रिया करनी पड़ेगी। इसलिए अभी विधानसभा चुनाव के तत्काल बाद हथियार वापस नहीं किए जा रहे हैं। नगर निगम चुनावों के घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। अगर चुनाव आयोग से नगरीय निकाय चुनाव जनवरी-फरवरी में कराए जाने के संकेत मिलते हैं तो फिर लाइसेंसी हथियार नगरीय चुनाव के बाद ही वापस किए जाएंगें।