नौकरानी ने की थी 11 लाख की चोरी

नौकरानी ने की थी 11 लाख की चोरी

भिलाई नगर
सूनेपन का फायदा उठाते हुए लाखों की नगदी-जेवर चोरी करने वाली नौकरानी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 8 लाख 11 हजार 9 सौ रुपए नगद व सोने-चांदी के जेवर सहित कुल 10 लाख 80 हजार की जब्ती की गई है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रोहित झा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि आरोपी महिला लता बाई साहू मैत्रीनगर रिसाली में अनिल सोनी के घर पर झाड़ू-पोछा का काम करती हैं। पांच जून को अनिल सोनी के घर काम करते समय बेडरूम को सूना पाकर पास में रखी अलमारी से नगद रकम चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी ने उक्त पैसे से कीमती जेवर एवं कपड़े खरीदना एवं घर में खर्च करना बताया।

आरोपी महिला की निशानदेही पर नगदी रकम 8 लाख 11 हजार 9 सौ रुपए, सोने के जेवर कीमती एक लाख 92 हजार, चांदी के जेवर 46 हजार एवं 20 हजार के कपड़े एवं एक मोबाइल फोन कीमती 15 हजार रुपए कुल जुमला कीमती 10 लाख 80 हजार जब्त किया गया है। आरोपी लता बाई साहू (36) टंकी मरोदा थाना नेवई को गिरफ्तार कर लिया गया है।