महाकाल मंदिर में नंदी की मूर्ति के आसपास लगेगी मार्बल की पट्टी
उज्जैन
महाकालेश्वर मंदिर में भगवान नंदी की मूर्ति के आसपास अब मार्बल की पट्टियां लगाई जाएंगी। पहले मूर्ति के आसपास व्हाइट सीमेंट लगाकर इसे मजबूती प्रदान करने की कोशिश की गई थी, लेकिन यह तरीका करगर साबित नहीं हुआ।
सहायक प्रशासक चंद्रशेखर जोशी ने बताया दो दिन पहले नंदीजी की मूर्ति हिलने का मामला सामने आया था। इसके बाद मूर्ति के आसपास व्हाइट सीमेंट लगाकर इसे स्थिर करने की कोशिश की गई थी, लेकिन श्रद्धालुओं के लगातार जलाभिषेक और नंदीजी के कान में मनोकमाना कहने के लिए उन्हें स्पर्श करने के कारण सीमेंट सेट नहीं हो पाई।
जांच करने पर मूर्ति अभी भी हिल रही है। इसे देखते हुए अब मूर्ति के आसपास मार्बल की पट्टी लगाने पर विचार किया जा रहा है। यूडीए व पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों से विचार- विमर्श कर प्रतिमा को मजबूती से स्थिर करने के उपाय किए जाएंगे।
ऊंचे बेरिकेड्स हटाए, तखत रखकर की सुरक्षा
मंदिर प्रशासन ने सीमेंट लगाने के बाद प्रतिमा की सुरक्षा के लिए स्टील के ऊंचे बेरिकेड्स लगा दिए थे। हालांकि इससे श्रद्धालुओं को मूर्ति स्पर्श में परेशानी होने के साथ धार्मिक भावना आहत हो रही थी। इसे देखते हुए अफसरों ने बुधवार को बेरिकेड्स हटा दिए तथा प्रतिमा के आसपास एक साथ अधिक श्रद्धालु एकत्रित न हों, इसके लिए तखत रखे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
