पेसा एक्ट लागू करने वाला 7वां राज्य बना मप्र, शहडोल में राष्ट्रपति ने लागू किया

पेसा एक्ट से आदिवासियों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जनजातीय गौरव दिवस समारोह में पेसा एक्ट लागू कर दिया। पेसा एक्ट लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का 7वां राज्य बन गया। इससे पहले 6 राज्यों ने इसे लागू किया था। बिरसा मुंडा जयन्ती के मौके पर मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा है।
ग्लोबल वार्मिंग को देखते हुए जनजातीयों की जीवनशैली का महत्व बढ़ गया
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने कहा, देशवासियों को बिरसा मुंडा जयंती की बधाई देती हूं। मध्य प्रदेश की यह मेरी पहली यात्रा है। मध्य प्रदेश में जनजातीयों की डेढ़ करोड़ आबादी है। आज जनजातियों के विभूतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर मुझे काफी प्रेरणा मिली है। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से महिला उद्यमियों का सम्मान करने का मैं सराहना करती हूं। मुझे विश्वास है कि यहां लागू किए गए पेसा नियमों का जनजातीयों के सशक्तिकरण में उपयोग किया जाएगा। हमारे आदिवासीजन प्राकृतिक तरीके से रहते हैं और उनकी रक्षा भी करते हैं। क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों को देखते हुए जनजातीयों की जीवनशैली का महत्व बढ़ गया है।
आदिवासियों पारंपरिक मुकुट पहनाकर किया स्वागत
शहडोल में मंगलवार को जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत आदिवासियों की पारंपरिक मुकुट पहनाकर और पारंपरिक नृत्य से भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की मंत्री मीना सिंह मांडवे, विजय शाह, बिसाहूलाल सिंह और प्रेम सिंह पटेल भी उपस्थित थे।
आज का दिन ऐतिहासिक: मुख्यमंत्री
इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। जनजातीय समाज से हमारी तपस्वी बहन हमारे भारत की राष्ट्रपति है। नरेंद्र मोदीजी अद्भुत नेता हैं। उनके नेतृत्व में गौरवशाली और वैभवशाली भारत का निर्माण हो रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज से नए पेसा के नियम लागू हो रहे है। ये पेसा कानून किसी के खिलाप नहीं है। यह कानून शहरों में नहीं, गांवों में लागू होगा।
मेरी पहली मध्यप्रदेश यात्रा मंगलवार को मंगलमय हो गई: द्रौपदी मुर्मू
द्रौपदी मुर्मू ने सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में यह मेरी मध्य प्रदेश की पहली यात्रा है। इतनी बड़ी सख्या में उपस्थित भाई-बहनों के बीच आकर मैं बहुत प्रसन्न हूं। मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ की आबादी जनजातीय समाज की है। जो देश में सबसे ज्यादा इसी राज्य में है। जनजातीय विकास गाथा की प्रदर्शनी देख मैं बहुत प्रसन्न हूं। मेरी पहली मध्यप्रदेश यात्रा मंगलवार को मंगलमय हो गई।
मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का कुचक्र नहीं होने देंगे: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन मे कहा कि आज से पेसा एक्ट के नियम लागू किए जा रहे हैं। यह पेसा कानून किसी के खिलाफ नहीं है। यह कानून शहरों में नहीं गांवों में लागू होगा। सामाजिक समरसता के साथ ही यह कानून हम लागू कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई लोग लालच में छल-कपट से आदिवासी बिटिया से शादी कर लेते हैं। उनके नाम से जमीनें खरीद लेते हैं, लेकिन अब यह नहीं होगा। मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण का कुचक्र नहीं होने देंगे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि पेसा एक्ट लागू हो जाने से ग्राम सभा बहुत शक्तिशाली हो गई है। शिवराज सिंह चौहान ने नशा और शराब के बारे कहा कि अब ग्राम सभा की अनुमति के बगैर नई शराब दुकान नहीं खुल सकेगी। नशा नाश की जड़ है।
पेसा कानून जमीन, जल, जंगल के अधिकार आपको देने वाला है
यह केवल गांव में लागू होगा। शहर में लागू नहीं होगा। उन्होंने कहा, यह जमीन, जंगल, जल, खदानें भगवान ने सभी के लिए बनाई है। पेसा कानून जमीन, जल, जंगल के अधिकार आपको देने वाला है। हर साल गांव की जमीन, वन का नक्शा, खसरे की नकल, बी-1 की नकल, उसे ग्रामसभा को दिखानी होगी। ताकि गड़बड़ न हो। अगर राजस्व के नक्शे में गड़बड़ी पाई जाती है तो ग्राम सभा उसे ठीक करा सकेगी। किसी भी प्रोजेक्ट या बांध के लिए गांव की जमीन ली जाती है। बिना ग्राम सभा की सहमति के बगैर जमीन नहीं ली जाएगी। कोई छल कपट से जमीन पर नहीं ली जा सकेगी। रेत की खदान पट्टा देने का काम भी ग्रामसभा तय करेगी।
ग्राम सभा की अनुमति के बगैर नहीं खुलेगी शराब दुकान
मुख्यमंत्री ने कहा, शराब दुकान ग्राम सभा की अनुमति के बगैर नहीं खुलेगी। 45 दिन में ग्राम सभा कुछ नहीं कहा तो अनुमति नहीं मानी जाएगी। शराब, भांग की दुकान अस्पताल, स्कूल, धार्मिक स्थल के पास है तो उसे ग्राम सभा हटा सकेगी। गांव के किसी व्यक्ति पर एफआइआर दर्ज करने के बाद ग्राम सभा को इसकी सूचना देनी होगी
पेसा एक्ट से आदिवासियों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा
सीएम चौहान ने कहा कि प्रदेश के 89 विकासखंडों के ग्रामीण इलाकों में लागू हो रहे पेसा एक्ट से आदिवासियों के जीवन स्तर में बदलाव आएगा। पेसा के नियम समरसता और सद्भाव के संवाहक बनेंगे। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि ग्राम पंचायत या ग्राम सभा ऐसी किसी गतिविधि का समर्थन नहीं करेगी जिसमें सामाजिक सद्भाव व समरसता को ठेस पहुंचे। एक्ट में आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन के उपयोग और सुरक्षा को लेकर अधिकार दिए गए हैं।
भारतमाला परियोजना के भोपाल प्रोजेक्ट का शिलान्यास
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शहडोल के बाद थोड़ी देर में भोपाल पहुंच रही हैं। वे भारतमाला परियोजना में एनएच 46 (पुराना एनएच69) औबेदुल्लागंज से बैतूल इंटर कोरिडोर मार्ग जो भोपाल से नागपुर को कनेक्टिविटी देता है, उसका वर्चुअल शिलान्यास करने वाली हैं। यह सड़क 12.38 किमी रातापानी एरिया के बीच में से गुजरेगी। यह मार्ग काफी समय से अधूरा पड़ा हुआ था।इस मार्ग में वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए अंडरपास के साथ बनाया जाएगा।