विधानसभा अध्यक्ष बारबाडोस में होने वाले 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व

विधानसभा अध्यक्ष बारबाडोस में होने वाले 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व

सम्मेलन में जाने से पहले विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात

देवनानी को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं

जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बारबाडोस में हो रहे 68 वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। देवनानी सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को जयपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। जहां से वे शुक्रवार को प्रातः लंदन जाएंगे। 

देवनानी लंदन से बारबाडोस जाएंगे। वे कैरिबियन देश बारबाडोस में 5 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 68 वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भारतीय दल में राजस्थान विधान मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

देवनानी सम्मेलन में लोकतंत्र और संसदीय व्यवस्थाओं की मजबूती पर पत्र वाचन करेंगे। देवनानी राजस्थान विधानसभा में किए गए नवाचारों की भी जानकारी इस विश्व स्तरीय सम्मेलन में देंगे। 

देवनानी लंदन में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के मुख्यालय का दौरा करेंगे। देवनानी मुख्यालय के अधिकारीगण से विचार विमर्श करेंगे और लंदन में भारतीय समुदाय व सामाजिक संगठनों से मिलेंगे। देवनानी के साथ प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी  गए हैं।

देवनानी ने की राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट - राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें दशहरे की शुभकामनाएं दी।

देवनानी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के 68 वे सम्मेलन की जानकारी दी। देवनानी ने राज्यपाल से राज्य की उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी बातचीत की। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने मुख्यमंत्री से राज्य के विभिन्न विषयों और संसदीय संघ सम्मेलन के बारे में विस्तार से चर्चा की।

देवनानी इस सम्मेलन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे तथा राजस्थान विधानसभा में हाल के वर्षों में हुए नवाचारों और जन-हितकारी पहलुओं को विश्वस्तरीय पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

राज्यपाल बागडे और मुख्यमंत्री शर्मा ने देवनानी को सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने देवनानी से कहा कि यह सम्मेलन भारत ही नहीं, राजस्थान विधानसभा की गौरवमयी परंपराओं और लोकतांत्रिक उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

विधानसभा के अधिकारियों ने यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं- वासुदेव देवनानी को उनकी इस यात्रा की सफलता के लिए विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के के शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारी गण और कर्मचारी मौजूद थे।