रिसाली नगर निगम गठन की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित

रिसाली नगर निगम गठन की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित

भिलाई नगर
छत्तीसगढ़ शासन ने रिसाली नगर निगम गठन की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने प्रदेश में सरकार गठन के कुछ ही महीनों बाद रिसाली नगर निगम बनाने की घोषणा की थी जिसे शासन ने अमली जामा पहना दिया है। राजपत्र में प्रकाशन होने के पश्चात 15 दिन के अंदर आपत्ति की जा सकती है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय रायपुर ने नगर पालिक निगम भिलाई को विभाजित करके नगर पालिक निगम रिसाली का गठन करने की घोषणा कर दी है। राजपत्र में इसका प्रकाशन भी कर दिया गया है तथा आम जनता से 15 दिनों के भीतर आपत्ति कलेक्टर दुर्ग के पास दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। मरोदा सेक्टर के पार्षद एमआईसी सदस्य केशव बंछोर ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने कम दिनों में नगर निगम रिसाली का गठन निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। विदित हो कि रिसाली नगर निगम में जोरातराई, डुंडेरा, नेवई भाटा, स्टेशन मरोदा, मरोदा कैंप, मोहाली भाटा, मरोदा सेक्टर, रिसाली सेक्टर उत्तर, रिसाली सेक्टर दक्षिण, रिसाली बस्ती, प्रगति नगर रिसाली, रूआबांधा सेक्टर, रूआबांधा बस्ती और पुरैना इन 13 क्षेत्रों को शामिल किया गया है, फिलहाल ये क्षेत्र वर्तमान में नगर निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 40, 41, 42, 43, 44, 45, 58, 59, 60, 61, 62, 63 और 39 के रूप में जाने जाते हैं।