लोक अदालत का इतिहास काफी पुराना है : श्री व्यास

नीमच
जिला न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार व्यास ने कहा कि लोक अदालत का इतिहास काफी प्राचीन है। उन्होने महाभारत काल के प्रसंगो का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने भी महाभारत के पहले कौरवो और पाण्डवों के मध्य पहले मध्यस्थ की भूमिका का निर्वहन किया था। जिला न्यायाधीश श्री व्यास शनिवार को एडीआर भवन में नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

इस मौके पर कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री राजवर्धन गुप्ता व बार अध्यक्ष श्री सुरेश शर्मा, अपर जिला न्यायाधीश प्रथम श्रीमती प्रिया शर्मा, अपर तृतीय जिला न्यायाधीश श्री जसवंत सिंह यादव, चतुर्थ अपर जिला न्यायाधीश श्री पंकज श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री वंदन मेहता एवं सभी न्यायाधीशगण, अभिभाषकगण, अभियोजन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं न्यायिक कर्मचारी एवं पक्षकारगण उपस्थित थे।

जिला न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार व्यास ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि शांति किसी भी किमत पर महंगी नहीं होती है। विवादों को टालना ही सभी के लिए हितकर होता है। विवादों को प्रथम स्टेज पर ही खत्म करना सभी पक्षकारों के हित में ही होता है। उन्होने उपस्थित अभिभाषकगणों न्यायिक कर्मचारियों का आव्हान किया कि लोक अदालत में जो भी पक्षकार आये उन्हे राजीनामा के लिए प्रेरित कर, विवादों के निराकरण में सहभागी बने।

 कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री राजवर्धन गुप्ता ने कहा कि राजीनामा से प्रकरणों के निराकरण होने से दोनो पक्ष संतुष्ट होते है। सुलह समझोते से प्रकरणों, विवादों का निपटारा करना ही लोक अदालतों की परम्परा है। सुलह की मानसिकता के साथ प्रकरणों का निराकरण होगा तो लोक अदालत सफल होगी।

बार अध्यक्ष श्री सुरेश शर्मा ने कहा कि लोक अदालत के अनेक लाभ है। लोक अदालत मं राजीनामा से प्रकरणों, विवादों का निराकरण होता है तो ना कोई जीता ना कोई हारा के सूत्रवाक्य के साथ पक्षकारों में प्रेम भाईचारा सामजस्यता बनी रहती है। उन्होने अभिभाषक संघ की और लोक अदालत को सफल बनाने में हर संभव सहयोग का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री शक्ति रावत ने किया। प्रारम्भ में जिला न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार व्यास एवं अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया तथा न्यायाधीशगणो ने जिला न्यायालय परिसर में पौधा रौपण भी किया।